पत्रकार तारा चंद्र जोशी की पत्नी किरण जोशी की सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत के मामले में मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई। 11 अप्रैल को बरेली रोड गांधी स्कूल के तिराहे के पास तारा चंद्र जोशी की स्कूटी को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। स्कूटी में किरण जोशी भी बैठी थीं। टक्कर से स्कूटी गिरने से किरण जोशी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक इलाज मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इस मामले में तारा चंद्र जोशी एवं उसके परिजनों ने अस्पताल के डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए। जांच अपर जिला मजिस्ट्रेट बीएस फिरमाल को सौंपी है। एडीएम फिरमाल के मुताबिक जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। कोई भी अपना लिखित एवं मौखिक बयान या फिर साक्ष्य देना चाहे तो 28 अप्रैल तक उनके नैनीताल स्थित न्यायालय कक्ष में प्रस्तुत कर सकता है। एडीएम ने एसटीएच के प्राचार्य डा. आरसी पुरोहित को भी आदेश दिए हैं कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े डाक्टरों एवं कर्मचारियों को 24 अप्रैल को उनके सामने पेश कराएं। डाक्टरों और कर्मचारियों के उपस्थित नहीं होने पर मान लिया जाएगा कि उन पर लगाए आरोप सत्य हैं।