हल्द्वानी बेस अस्पताल में पत्रकारवार्ता करती सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी साथ में अपर जिलाधिकारी एस.ए?
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। कोविड वैक्सीन लगने के बाद भी मानकों का पालन करना होगा। लापरवाही से बचना होगा। यह भी ध्यान रखना होगा कि वैक्सीन लगने के बाद बावजूद आप कोरोना वायरस की चपेट में आ सकते हैं।
सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी और एडीएम वित्त एवं राजस्व एसएस जंगपांगी ने सोमवार को बेस अस्पताल में पत्रकारों को बताया कि वैक्सीन लगने के बाद भी इस आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है कि किसी को कोविड नहीं होगा। हालांकि वैक्सीन लगने के बाद अगर किसी को कोविड होता है तो अधिक यह गंभीर नहीं होगा। सीएमओ ने कहा कि खसरे का टीका लगने के बाद भी कई बार बच्चे चपेट में आ जाते हैं मगर खसरा गंभीर रूप नहीं लेता है। वैक्सीन लगने के बाद भी सामाजिक दूरी, मास्क का प्रयोग और हाथों को साबुन से धाने जैसे नियमों का पालन करना होगा। डॉ. जोशी ने कहा कि 28 दिन बाद टीके की दूसरी डोज लगेगी। पहली डोज जिस कंपनी की लगेगी दूसरी डोज भी उसी कंपनी की लगाई जाएगी।
चार केंद्रों पर एक साथ लगेगा टीका
हल्द्वानी। 16 को जिले के चार केंद्रों बीडी पांडे अस्पताल, गरमपानी, महिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में एक साथ टीकाकरण होगा। सीएमओ ने कहा कि पहले चरण में 9850 स्वास्थ्य कर्मियों (निजी एवं सरकारी) का टीकाकरण होगा। दूसरे चरण में फ्रंट लाइन योद्धाओं को टीका लगाया जाएगा। तीसरे चरण में 50 वर्ष या उससे अधिक और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को टीका लगेगा। उन्होंने बताया कि डीप फ्रीजर पर्याप्त हैं हालांकि अभी डब्ल्यूआईसी (वॉक इन कूलर) मुख्यालय से नहीं आ पाया है। एडीएम जंगपांगी ने कहा कि टीकाकरण की तैयारी के लिए एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी में एसीएमओ, मुख्य कोषाधिकारी को नामित किया गया है।
आ सकता है हल्का बुखार
हल्द्वानी। सीएमओ के अनुसार टीका परीक्षण के बाद आ रहा है। टीकाकरण के बाद हल्का बुखार, दर्द, सूजन या खुजली जैसी हो सकती है। ऐसा दूसरे टीके लगवाने के बाद भी होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि टीकाकरण के लिए सभी लोग आगे आएं।