बहुद्देशिय भवन में अपराध समीक्षा बैठक लेते एसएसपी सुनील कुमार मीणा। अमर उजाला
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने थाना प्रभारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि कोई भी घटना होने पर हीलाहवाली न करें। जल्द प्राथमिकी दर्ज कर घटनाओं का अनावरण करने के लिए कार्य करें।
एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने बहुउद्देशीय भवन में शुक्रवार को हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं के आठ थानों की अपराध समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र में आमलोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए प्रेरित करें। अब त्योहारों का सीजन भी आ गया है।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे वेष में पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए। जिले में चल रहे ऑपरेशन स्माइल के तहत गुमशुदा बच्चों की बरामदगी का प्रयास करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। थाना स्तर पर दर्ज मुकदमों में संबंधित न्यायालयों से आदेश लेकर मामलों का निस्तारण करें। नशे के खिलाफ जारी अभियान तेज होना चाहिए। बैठक में एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, शिकायत प्रकोष्ठ के निरीक्षक योगेश उपाध्याय, चंद्रशेखर भट्ट और एसओजी प्रभारी भी मौजूद थे।