रेलवे ने काठगोदाम और नई दिल्ली के लिए समर स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे पर्यटन सीजन में नैनीताल, रानीखेत समेत कुमाऊं में घूमने आने वाले यात्रियों को फायदा होगा। पर इस स्पेशल ट्रेन का किराया भी स्पेशल होगा। यात्रियों को शताब्दी से भी ज्यादा किराया इस ट्रेन में सीट बुक कराने के लिए देना होगा। ट्रेन का सात अप्रैल से संचालन शुरू होगा।
गर्मियों में बड़ी संख्या में सैलानी, यात्री कुमाऊं के विभिन्न पर्यटन स्थलों में घूमने के लिए आते हैं। इसमें सबसे ज्यादा दबाव दिल्ली और पश्चिम बंगाल से होता है। इसके मद्देनजर रेलवे ने पहले ही रामनगर-लालकुआं-हावड़ा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान कर दिया है। अब नई दिल्ली के लिए भी एक और ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन साप्ताहिक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। गुरुवार को शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन नहीं होता है, ऐसे में इस ट्रेन के चलने से पूरे सप्ताह दिल्ली को तीन ट्रेनों का विकल्प मिल जाएगा। पर इस स्पेशल ट्रेन में यात्रा के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी होगी।
शताब्दी स्पेशल ट्रेन के एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया क्रमश: 700 और 1320 है, जबकि स्पेशल ट्रेन का इन्हीं दोनों क्लास किराया 835 और 1635 रखा गया है। यह ट्रेन सात अप्रैल से शुरू होगी। इसमें भोजन और नाश्ते की व्यवस्था भी होगी। काठगोदाम स्टेशन प्रबंधक डीसी जोशी कहते हैं कि काठगोदाम-नई दिल्ली का नंबर 04421 और नई दिल्ली-काठगोदाम का 04422 होगा। काठगोदाम से ट्रेन चलने का समय दुपहर 3:35 होगा, तो नई दिल्ली से ट्रेन सुबह 6 बजे चलकर काठगोदाम 11:40 पर पहुंचेगी।