नैनीताल। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली पर्यटकों की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था प्रत्येक शनिवार और रविवार को लागू रहेगी।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी की ओर से जारी यातायात प्लान के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा ताकि कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने।
वहीं हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात का दबाव बढ़ने पर मस्जिद तिराहा भवाली से पहले रोका जाएगा या उन्हें रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रशासन ने कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। वाया भीमताल आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा।
इसी तरह गेठिया और नैनीताल मार्ग से कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहां से भी शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
वीकेंड के दौरान टैक्सी दोपहिया वाहनों के कैंची धाम में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को भी सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों, वाहन स्वामियों और आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित यातायात और डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यात्रा के दौरान पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें।