एडवर्ड जिम कॉर्बेट की 150वीं जयंती पर कॉर्बेट पार्क की ओर से 'स्पेशल डे कवर' लिफाफे तैयार किए जा रहे हैं। जयंती के दिन 'स्पेशल डे कवर' लिफाफा जारी किया जाएगा। यह एक ऐसा लिफाफा है जो किसी विशेष घटना या फिर विशेष हस्ती की डाक किया जाता है। कॉर्बेट पार्क की ओर से एडवर्ड जिम कॉर्बेट की याद में लिफाफे को कॉर्बेट पार्क प्रशासन डाक विभाग से तैयार करवा रहा है। कॉर्बेट पार्क दो हजार लिफाफे बनवा रहा है जो जिम कॉर्बेट की जयंती वाले दिन जारी होंगे।
धनगढ़ी गेट, कालाढूंगी, कालागढ़ में होंगे कार्यक्रम
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि धनगढ़ी गेट, कालाढूंगी, कालागढ़, कोटद्वार में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इनके जरिये स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को जिम कॉर्बेट से रूबरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वन मंत्री कर सकते हैं जारी
जिम कॉर्बेट की जयंती पर कॉर्बेट पार्क की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें शिरकत के लिए वन मंत्री सुबोध उनियाल, पीसीसीएफ हॉफ समीर सिन्हा, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ वार्डन रंजन मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं धीरज पांडे सहित अन्य वनाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ही जिम कॉर्बेट पर बने लिफाफे को वन मंत्री जारी कर सकते हैं।