भीमताल (नैनीताल)। कसियालेख इंटर कॉलेज के छात्र भी हाईटेक प्रयोगशाला, लाइब्रेरी और आर्ट एंड क्राफ्ट की कक्षाओं में जल्द पढ़ सकेंगे। 86.84 लाख की धनराशि से स्कूल की तस्वीर बदलने की तैयारी है। इसके लिए शिक्षा विभाग को 34.73 लाख की धनराशि जारी हो चुकी है। विद्यालय में जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
कसियालेख इंटर कॉलेज में वर्तमान में 400 छात्र अध्ययनरत हैं। इस साल विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा। प्रभारी प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह भी छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत रहते हैं। इसी क्रम में धारी ब्लॉक के कसियालेख इंटर कॉलेज में आधुनिक लैब वाली भौतिक प्रयोगशाला, लाइब्रेरी और आर्ट एंड क्राफ्ट का कक्ष बनाया जाएगा। हाईटेक प्रयोगशाला में छात्रों को विज्ञान को बारीकि से समझने में मदद मिलेगी। साथ ही लाइब्रेरी में छात्र देश-दुनिया के साहित्यकारों की किताबों को पढ़ सकेंगे।
कसियालेख इंटर कॉलेज में बहुत जल्द आधुनिक लैब युक्त प्रयोगशाला, हाईटेक लाइब्रेरी और आर्ट एंड क्राफ्ट का कक्ष बनने से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी। इसके लिए 34.73 लाख की धनराशि जारी होने के साथ निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। -हीरालाल गौतम, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक