कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के समाजशास्त्र विभाग में बुधवार को हुए समारोह में समाजशास्त्र परिषद उत्तराखंड की वेबसाइट लांच की गई।
परिषद के अध्यक्ष और समाजशास्त्र विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो.भगवान सिंह बिष्ट ने कहा परिषद का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड राज्य के विकास में समाजशास्त्रियों की ओर से अपनी बौद्धिक भागीदारी निभाना है। उन्होंने कहा परिषद के स्थापना वर्ष-2008 से अब तक 150 से अधिक समाजशास्त्री परिषद से जुड़ चुके हैं, जो अपने आप में गौरव की बात है।
प्रो.बिष्ट ने कहा शोध कार्यों को गति देने, शोधात्मक निष्कर्षों को संगोष्ठी, सम्मेलनों के माध्यम से प्रसारित व प्रचारित करना परिषद का उद्देश्य है। साथ ही समाजशास्त्रियों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रदान किया जाता है।
परिषद का न्यूज लेटर भी प्रकाशित किया जा रहा है। बताया कि 22 व 23 फरवरी को देहरादून में हिमालयी राज्यों में सतत विकास परिदृश्य व संभावनाएं विषय पर सम्मेलन होगा।
परिषद के सचिव प्रो.वीके सुसौदिया, उपाध्यक्ष प्रो.पीएस रावत, संयुक्त सचिव प्रो.एसएस पांडे, कोषाध्यक्ष प्रो.बीडी दानी के अलावा परामर्शदात्री समिति में प्रो.योगेंद्र सिंह, डा.जीएस सौन, प्रो.आनंद कुमार, प्रो.आईपी मोदी, प्रो.नूर मोहम्मद तथा प्रो.एसबी सिंह शामिल हैं।
समारोह के दौरान प्रो.बिष्ट ने परिषद की वेबसाइट एसएयूके डाट इन को लांच किया। इस मौके पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डा.दीपक पालीवाल व डा.नीरजा सिंह समेत अन्य प्राध्यापक व छात्र-छात्राएं मौजूद थी।