आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने मीडिया मैनेजमेंट की शुरुआत कर दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने मीडिया कार्यशाला में मीडिया प्रभारियों को टिप्स बताए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया की अहम भूमिका है।
सूचना तकनीकी के दौर में सोशल मीडिया हर व्यक्ति की पहुंच में है। ऐसे में पार्टी की नीतियों और मोदी सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ कांग्रेस को बेनकाब करें।
कुमाऊं संभाग कार्यालय में कार्यशाला चार सत्रों में आयोजित हुई। पहले सत्र का प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने उद्घाटन किया। उन्होंने मीडिया प्रभारियों का परिचय लेकर उनके क्षेत्रों की समस्याओं को सुना। राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी।
मीडिया से संबंधित राष्ट्रीय अनुभवों को साझा किया। द्वितीय सत्र में कुमाऊं मीडिया प्रभारी तरुण बंसल ने मीडिया प्रबंधन की बारीकियों को कार्यकर्ताओं को बताया।
प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि मीडिया के जरिए भ्रष्टाचारी सरकार को बेनकाब कर जनता तक आवाज पहुंचाई जा सकती है। प्रदेश प्रवक्ता डा. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने मीडिया प्रमुखों को करणीय एवं अकरणीय विषय की विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कुमार, प्रदेश महामंत्री गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपाली कन्याल, जिला पंचायत सदस्य शांति भट्ट, लाखन निगल्टिया, महिला मोर्चा सह मीडिया प्रभारी मंजू पाठक, जिला मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट मौजूद थे। संचालन प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रकाश रावत ने किया।