फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नैनीताल में बर्फबारी से छूटी कंपकंपी

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी/नैनीताल। रविवार को शीत लहर ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। नैनीताल, मुक्तेश्वर, रामगढ़ और धानाचूली में बर्फबारी हुई तो हल्द्वानी में दिनभर सर्द हवाओं और रिमझिम बारिश से कंपकंपी छूट गई। सड़कों पर भी लोग कम दिखे। लोगों ने अलाव तापकर ठंड दूर की। नैनीताल में पारा धड़ाम हो गया। यहां अधिकतम तापमान 04 और न्यूनतम एक डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विज्ञापन

रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और सर्द हवाओं के बीच बारिश से ठंड काफी ज्यादा रही। दुकानें खुली पर भीड़ नहीं दिखी, रेहड़ी, ठेले वाले भी कम दिखाई दिए। छुट्टी का दिन होने के कारण लोग घरों में ही रहे। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान तीन डिग्री नीचे 17.4 और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आर्द्रता 81 प्रतिशत रही। बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण मुक्तेश्वर में कड़ाके को ठंड रही। अधिकतम तापमान 11 डिग्री की गिरावट के साथ 1.5 डिग्री सेल्सियस सर्वाधिक कम है। वहीं न्यूनतम तापमान -0.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
नैनीताल में सैलानियों ने उठाया लुत्फ
नैनीताल। नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को छठी बार बर्फबारी हुईं। सुबह से ही नैना पीक, टिफिन टॉप, हिमालय दर्शन, अयारपाटा, बारापत्थर, स्नोव्यू आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी देखने के लिए काफी संख्या में पर्यटक पहुंच गए।
विज्ञापन

हिमालय दर्शन क्षेत्र में करीब चार इंच की बर्फबारी की सूचना पर काफी संख्या में पर्यटक अपने अपने वाहनों से निकले। इसके चलते इस मार्ग पर पर्यटक वाहनों का जमावड़ा लग गया, जिस पर पुलिस ने सुबह 11 बजे नैनीताल-पंगूट मोटर मार्ग में बारापत्थर के पास बैरियर लगाकर वाहनों के प्रवेश को रोक दिया। इधर, नैनीझील में रविवार सुबह से शाम तक तेज लहरें ही उठती रहीं, हालांकि नगर में दिनभर बारिश होने के बाद भी कुछ नौका विहार के शौकीन पर्यटक नैनी झील में नौका विहार का आनंद लेते नजर आए।
मुक्तेश्वर, रामगढ़ और धानाचूली में बिछ गई चांदी की परत
भीमताल। काश्तकारों और फल उत्पादकों ने खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि इस बार फसल और फलों के उत्पादन में वृद्धि होगी। उनका कहना है कि ये बर्फबारी सेब के साथ फसलों के लिए भी लाभदायक होगी।
मौसम वैज्ञानिकों की बात
हल्द्वानी। मौसम वैज्ञानिक पहले ही दो सालों में जनवरी में 22 दिनों में सबसे ज्यादा बारिश बता चुके हैं। पंतननगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पर्वतीय जिलों के 26 तक बारिश और बर्फबारी है। मैदानी जिलों में 24 जनवरी को भी ठंड रहेगी।
पर्वतीय जिलों में रहेगी शीतलहर
हल्द्वानी। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने सोमवार 24 जनवरी के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार नैनीताल समेत पर्वतीय जिलों में कम तापमान और सर्द हवाएं ठंड बढ़ाएंगी, जिससे शीत लहर का प्रकोप रहेगा। हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना भी है। 25 और 26 जनवरी को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।
विज्ञापन

नवजात, गर्भवती और बुजुर्गों के लिए ठंड भारी
हल्द्वानी। मौसम विभाग ने शीतलहर को देखते हुए बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें