राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुधवार को विद्यार्थी नुपूर पंत के गीतों पर जमकर थिरके। क्रिसंडो के अंतिम दिन पंत ने अपने गानों से समां बांध दिया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के समापन पर विजयी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडी समिति अध्यक्ष सुमित हृदयेश और सीडीओ प्रकाश चंद्र थे। गणेश वंदना जैक्सन डांस अकादमी ने प्रस्तुत की। सुजाता माहेश्वरी नृत्यालय के कलाकारों ने दुर्गा नाट्य मंचिका प्रस्तुत की।
नुपूर ने कुरुक्षेत्र नृत्य पेश किया। जंकियार्ड बैंड की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। स्टार नाइट में नुपूर पंत ने तेनु समझावां कि, हाई तेरी रुमाला, केसरिया बालम गीतों से समां बांध दिया। पंत के गीतों पर विद्यार्थी जमकर थिरके।
तीन दिवसीय क्रिसंडों में सोलो डांस, ड्यूट सांग, ग्रुप डांस, सोलो सांग, सिक्ट, बास्केटबाल, फुटबाल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, टेबिल टेनिस, वॉलीबाल, खो-खो, टग ऑफ वार, लान टेनिस, बैडमिंटन, चेस, कैरम, हिंदी पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, कविता पाठ (अंग्रेजी एवं हिंदी), अंग्रेजी सुलेख, अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सौदान सिंह एवं मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने पुरस्कार दिया।
इस दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य डा. सीपी भैसोड़ा, एमएस डॉ. एके पांडे, डॉ. आरजी नौटियाल, डॉ. मकरंद, डॉ. एबी ओली, डॉ. केसी पांडे, आलोक उप्रेती, पारितोष पंत आदि थे।