फेंसिंग स्पर्धा में भिड़तीं बालिकाएं
हल्द्वानी। हल्द्वानी में आयोजित 20वीं नेशनल फेंसिंग टूर्नामेंट में हरियाणा के हुनरमंद खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। तीन दिन शानदार प्रदर्शन के बाद टीम ने चौथे दिन फॉइल इवेंट के बालक और बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उत्तराखंड के बालकों को 17वें और बालिकाओं को 11वें स्थान से संतोष करना पड़ा। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के मानसखंड हाल में टूर्नामेंट के चौथे दिन फॉइल इवेंट के बालक वर्ग में 22 टीमों ने हिस्सा लिया। हरियाणा के सचिन, जतिन, विश्वजीत सांगवान व युवराज सैनी की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। मणिपुर के तलवारबाज रजत पदक जीतने में कामयाब रहे। दिल्ली और एसएसबीसी की टीम को कांस्य पदक मिला।
बालिका वर्ग में 17 टीमों ने भाग लिया लिया। हरियाणा की प्राची, प्रियंका यादव, विजिता यादव और प्राची की टीम ने गोल्ड पर कब्जा जमाया। चंडीगढ़ की टीम को सिल्वर मेडल मिला। महाराष्ट्र और मणिपुर की टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश नेगी, फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता, डाॅ. डीके सिंह, राजीव चौधरी, विमल चौधरी, एनएस रावत मौजूद रहे।