पुलिस ने मास्टरमाइंड राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रघु समेत छह को गिरफ्तार किया है। राघवेंद्र (29) देवरिया की सदर कोतवाली के गांव देवरिया मीर का रहने वाला है। उसके अलावा लखनऊ के बांग्ला बाजार स्थित कांशीराम कॉलोनी के लकी व रॉकी, लखनऊ के ही कैंट सदर के राजीव गांधी नगर निवासी रोहन खान व आकाश सिंह, लखनऊ के गौतमपल्ली थाना क्षेत्र के बदरियाबाद में रह रहे शाहजहांपुर की ओसीएफ फैक्टरी का मूल निवासी दीपक गिरफ्तार किए गए। उन पर धोखा देकर दूसरे को बहकाना, जान बूझकर दस्तावेज की नकली प्रति तैयार करना, जान बूझकर झूठे दस्तावेज तैयार करना व समूह बनाकर कार्य करने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई गई है। पर्दाफाश करने वाली टीम को एसएसपी ने ढाई हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
मास्टरमाइंड ने खुलवाया था रोहन का खाता
मास्टरमाइंड राघवेंद्र प्रताप ही गिरोह में शामिल लोगों की मदद करता था। उसने हल्द्वानी में बैंक ऑफ बड़ौदा की कालाढूंगी रोड शाखा में फर्जी दस्तावेज के आधार पर रोहन खान का खाता खुलवाया था। ये लोग चार से पांच खाते और खोलने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने दबोच लिया।
भवन स्वामी का भी चालान
कॉम्प्लेक्स मालिक वीरेंद्र मेहरा ने बिना पुलिस सत्यापन के किराएदारों को रखा था। उसे चेतावनी देते हुए दस हजार रुपये का चालान किया गया। भविष्य में बिना सत्यापन किरायेदार न रखने की चेतावनी दी गयी है।
फर्जीवाड़े का हर दस्तावेज मिला
राघवेंद्र प्रताप से चार फर्जी मुहर, फर्जी प्रेस कार्ड, पांच प्री-एक्टिवेटेड सिम, फर्जी खाते में 143000 रुपये के लेन-देन का विवरण, उद्यम विभाग का फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, बैंक खाता खोलने का फॉर्म, धोखाधड़ी में प्रयुक्त चार मोबाइल सिम, बैकों के डेबिट कार्ड, दो ब्लैंक चेक, 2000 नकद मिले। लकी, रोहन खान, आकाश, दीपक और रॉकी से भी धोखाधड़ी में प्रयुक्त कई मोबाइल सिम, फर्जी आधार और पेन कार्ड बरामद हुए।