चौखुटिया (अल्मोड़ा)। नव चेतना सामाजिक विकास समिति एवं रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में शुक्रवार को सीता स्वयंवर का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सीता स्वयंवर प्रसंग को देखने के लिए क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मुख्य अतिथि प्रदेश विभाग प्रभारी अनिल शाही तथा ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी उपस्थित रहे। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य अतिथियों ने रामलीला समिति की ओर से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आदर्शों और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।