नैनीताल। बारिश और ठंड के बाद वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और गले के संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। शुक्रवार को बीडी पांडे अस्पताल में 545 मरीज ओपीडी में पहुंचे, जिनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही।
बीते एक महीने से नैनीताल में गर्मी महसूस की जा रही थी लेकिन बृहस्पतिवार को बारिश ने ठंड बढ़ा दी। मौसम में अचानक आए इस बदलाव ने बीमारों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। अस्पताल की ओपीडी के बाहर सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखी गईं। कई मरीज बुखार, खांसी, बदन दर्द और कमजोरी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।
डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और सुबह-शाम ठंड बढ़ने के कारण शुक्रवार को वायरल संक्रमण के मामले बढ़े हैं। बताया कि गर्मी के बीच अचानक ठंड जैसे मौसम में लोगों को अपना ध्यान रखना होगा। उन्होंने लोगों से भीड़-भाड़ वाले स्थानों में सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का पौष्टिक भोजन लेने की अपील की। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।