बेलबाबा मंदिर के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से सिडकुल कर्मी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठे उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है।
अल्मोड़ा जिले के मासी भटौली निवासी पंकज लाल वर्मा (24) रुद्रपुर स्थित टीवीएस टायर कंपनी कार्यरत था। सोमवार रात पंकज अपने साथ कार्यरत दो साथी नितिन और तरुण जोशी के साथ बिना नंबर की डिस्कवर बाइक से हल्द्वानी आ रहा था। आधी रात के बाद बेलबाबा मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों बाइक समेत सड़क से नीचे गिर पड़े।
बाइक चला रहे पंकज लाल के सिर पर गंभीर चोट आई। सूचना पर एंबुलेंस 108 ने तीनों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने पंकज लाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी मंगलवार दोपहर प्राथमिक इलाज के बाद चले गए। पुलिस पूछताछ से पता चला कि बाइक चलाते समय पंकज लाल ने हेलमेट नहीं पहना था।
इसी कारण सिर में गंभीर चोट लगी, जो उसकी मौत का कारण बनी। देर बाद सूचना मिलने पर टीपीनगर चौकी पुलिस ने डिस्कवर बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।