हल्द्वानी। श्रीराम लीला संचालन समिति द्वारा रामलीला के पर शहर में श्रीराम राज्याभिषेक की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। होली मैदान मंगलपड़ाव से शुरू हुई शोभायात्रा पूरे नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। शोभायात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रीराम डोले पर कई जगह पुष्पवर्षा की गई।
श्री रामलीला मैदान में दिन एवं रात्रि की रामलीला के मंचन के बाद मंगलवार को रामलीला संचालन समिति की ओर से श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। मुख्य व्यास पंडित गोपाल दत्त शास्त्री ने पूजा करवाई। शोभायात्रा होली मैदान से सिंधी चौराहा, कारखाना बाजार, पटेल चौक, साहूकारा लाइन, सदर बाजार, नया बाजार, तिकोनिया आदि स्थानों से गुजरी।
शोभायात्रा में हजारों की रामभक्तों के साथ ही कई सामाजिक, महिला संगठनों ने भी हिस्सा लिया। शोभायात्रा में गतका अखाड़ा, जय दुर्गा काली अखाड़ा, छोलिया, मयूर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में दो हाथी, तीन बग्घियां, घोड़े भी शामिल थे।
शोभायात्रा में भाजपा राष्ट्रीय मंत्री तीरथ सिंह रावत, महामंडलेश्वर स्वामी परेशयति, महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर यती, मुरली वाले बाबा, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, पार्षद मनोज गुप्ता, संचालन समिति सदस्य स्वर्णलाल, विवेक कश्यप, तनुज गुप्ता, अतुल अग्रवाल आदि थे।