हल्द्वानी। कुमाऊं संभागीय खाद्य नियंत्रक वीएस धानिक की बर्खास्तगी के बाद भी स्टेट पूल गोदाम में मिलें अधोमानक चावल भेजने से बाज नहीं आ रही है। चार दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को मिलों ने चावल भेजा तो उसमें से दो मिलों के सैंपल फेल हो गए। इसे वापस कर दिया गया है।
गर्ग राइस मिल नया गांव के सैंपलों की जांच की गई तो चावल मानकों से अधिक टूटा पाया गया। इसे मिल को वापस कर दिया गया। इसके बाद बीके राइस मिल सितारगंज की ओर से लाए गए चावल के सैंपल की जांच में डैमेज पाया गया। इसे अस्वीकार करते हुए मिल को वापस कर दिया गया। उधर, कमलुवागांजा स्टेट पूल में खराब चावल को बदलने की रफ्तार बहुत धीमी है। कई चावल मिलें नोटिस देने के बाद भी चावल बदलने का नाम नहीं ले रही है। संभागीय खाद्य आयुक्त की ओर से ही पूर्व में चावल मिलों को रियायत दी गई थी। नियम यह कहता है कि खराब चावल देने वाली मिल से सही चावल लिया जाएगा और मिल को काली सूची में डाला जाएगा। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने मिलों को काली सूची में डालने से यह कहते हुए मना कर दिया था कि मिल चावल बदल कर दे रही है, लिहाजा सख्ती की जरूरत नहीं है। नया खरीद सत्र शुरू हो चुका है और चावल मिल पुराने सत्र का ही अभी हिसाब पूरा नहीं कर पाई हैं।