हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने नियमों को ताक पर रख काम करने वाले दो और निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। अब तक जिले में कुल 107 स्कूलों को नोटिस जारी हो चुके हैं।
जायसवाल ने बताया कि बुधवार को सेन ग्लोबल स्कूल हल्द्वानी और ग्रीन माउंट ग्लोबल स्कूल भीमताल को नोटिस जारी किए गए हैं। इन विद्यालयों पर निर्धारित पाठ्यक्रम में एनसीईआरटी पुस्तकों के अतिरिक्त अत्यधिक महंगी निजी प्रकाशनों की पुस्तकें अनिवार्य करने, अपने खास पुस्तक विक्रेताओं से पुस्तकें एवं अन्य शिक्षण सामग्री खरीदने का दबाव बनाने और विद्यालयों की वेबसाइट पर अनिवार्य सूचनाओं को न दर्शाने संबंधी शिकायतों की पुष्टि हुई है।
उन्होंने बताया कि उक्त विद्यालयों को 15 दिन के भीतर संशोधित पुस्तक सूची जारी करने, एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता देने, विशेष पुस्तक विक्रेता से खरीद करने की बाध्यता खत्म करने व अभिभावकों से वसूले गए अतिरिक्त शुल्क की वापसी करने अथवा उसे समायोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।