नैनीताल। जिला पूर्ति विभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में पूर्ति निरीक्षक और लिपिकों की कमी से कामकाज प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने अतिरिक्त प्रभार से मुक्ति की मांग करते हुए विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजा है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, नैनीताल शहरी क्षेत्र, भवाली, भीमताल, रामगढ़ और बेतालघाट में कर्मचारियों की कमी है। यहां आवश्यकता के अनुरूप कर्मचारी तैनात नहीं हैं। इसके विपरीत, मैदानी क्षेत्रों में जरूरत से अधिक कर्मचारियों की तैनाती है।
बिष्ट नैनीताल और धारी तहसील के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी हैं। उन्हें राजकीय खाद्यान्न भंडार मेहरागांव, बेतालघाट समेत कई शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस अतिरिक्त कार्यभार से उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से पहाड़ में कर्मचारियों की तैनाती और खुद को अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त करने का अनुरोध किया है।