नैनीताल। शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय शेरवुड कॉलेज में शुक्रवार को शेरवुड आमंत्रण सॉकर टूर्नामेंट फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देशभर के छह प्रतिष्ठित स्कूल भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट लीग कम नॉकआउट आधार पर खेला जा रहा है। उद्घाटन मुकाबले में शेरवुड कॉलेज ने बिड़ला विद्या मंदिर को 6-0 से पराजित किया। तीन गोल करने वाले शेरवुड के ज्ञान हजारिका मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे।
आयोजकों के मुताबिक छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। पहले ग्रुप में बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल, पाइनग्रोव स्कूल सोलन और शेरवुड कॉलेज हैं जबकि दूसरे ग्रुप में मॉडर्न स्कूल बाराखंबा दिल्ली, बिशप कॉटन स्कूल शिमला और लॉरेंस स्कूल सनावर हिमाचल प्रदेश शामिल हैं। प्रतियोगिता फाइनल मुकाबला 11 अगस्त को होगा।
उद्घाटन मौके पर सभी छह टीमों ने मार्च पास्ट किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने गार्ड ऑफ ऑनर स्वीकार कर सभी खिलाड़ियों को संबोधित किया। वहां बिड़ला विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, ऑल सेंट्स कॉलेज की प्रधानाचार्य एंजलिना रिचर्ड्स आदि थे।