पीरूमदारा (रामनगर)। रामनगर के ग्राम भवानीपुर बड़ी में करीब 10 वर्षों से बरसाती नाला लोगों के लिए आफत बना हुआ है। नाले का पानी काश्तकारों के खेतों में जाकर फसल बर्बाद कर रहा है। लोगों के घरों में पानी घुसने से घर का सामान भी खराब हो रहा है।
रामनगर के भवानीपुर बड़ी में पुराना बरसाती नाला है जो भवानीपुर बड़ी से होता हुआ भवानीपुर के जंगल तक जाता है। बीते 10 वर्षों से हरिपुरा के पास नाला बंद हो गया है। इससे बरसाती पानी की निकासी नहीं हो रही है। नाले का पानी किसानों के खेतों और घरों में घुस रहा है। इससे फसल बर्बाद होने के साथ घरों में सीलन और घरेलू सामान खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग और प्रशासन से समस्या का निस्तारण करने की मांग की है। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि भवानीपुर बड़ी में बरसाती नाले का पानी खेतों में जाने की जानकारी मिली है। सिंचाई विभाग को बजट उपलब्ध कराकर नाले का निर्माण कराया जाएगा।
बरसाती नाला बीते 10 वर्षों से बंद है। बरसात से पहले नाला सूखा रहता है लेकिन हल्की बारिश होते ही उनके खेतों में पानी आ रहा है। अब तक दो बीघा जमीन में लगी फसल खराब हो गई है।
लक्की फत्र्याल, ग्रामीण, भवानीपुर बड़ी
हर बारिश में ग्रामीण जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। कई बार सिंचाई विभाग से शिकायत कर चुके हैं। बावजूद अब तक समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है। इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पंकज, ग्रामीण, भवानीपुर बड़ी
ग्रामीणों की शिकायत पर सिंचाई विभाग की ओर से नाले का निरीक्षण किया गया है। नाले के निर्माण के लिए विभाग के पास अतिरिक्त बजट नहीं है। बजट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अमित कुमार गुप्ता, ईई, सिंचाई विभाग रामनगर