रामनगर। लंबे अरसे से शहर में बिक रहे नशीले पदार्थों को लेकर पुलिस ने शहर में छापामार अभियान चलाया लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। वहीं एक मकान मेें रह रहे पांच लोगों का सत्यापन न होने पर पुलिस ने मकान मालिक से पांच हजार का जुर्माना वसूला।
सीओ मिथलेश कुमार ने बताया कि काफी समय से खताड़ी व आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इसको लेकर देर शाम छापामार कार्रवाई की गई, लेकिन पुलिस को कहीं भी सफलता हाथ नहीं लगी। सीओ ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा।
वहीं सीओ मिथलेश कुमार ने बताया कि खताड़ी निवासी मो. अरशद ने अपने मकान में डेढ़ माह पहले से रह रहे बिहार के पांच मजदूरों का सत्यापन नहीं कराया था। इसको लेकर उसका पुलिस एक्ट में पांच हजार रुपए नकद का जुर्माना वसूला गया।
रामनगर। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को ग्राम जस्सागांजा चौराहे पर वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए 10 वाहनों का चालान किया और दो हजार रुपए संयोजन शुल्क वसूला। एसआई संजय बृजवाल ने बताया कि मंगलवार को ग्राम जस्सागांजा में उनके नेतृत्व में चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान से खनन माफियाओं में भी हड़कंप मचा रहा।
कई डंपर चालक मौके पर ही अपने वाहन खड़े कर फरार हो गए। वहीं पुलिस ने मंगलवार देर शाम भी वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए 32 वाहनों का चालान करते हुए 3300 रुपए संयोजन शुल्क वसूला। वहीं देर शाम भवानीगंज में 2 वाहन सीज किए गए। इसमे 1 कोर्ट चालान 4 नकद चालान काटकर 700 रुपए का नकद जुर्माना वसूला गया।