नैनीताल। स्कूटी चलाने के शौक के चलते दो किशोर खुद तो मुश्किल में पड़ गए और वाहन मालिक को छकाए रखा। पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद सीसीटीवी फुटेज से वह पकड़ में आ गए। पुलिस ने स्वामी को स्कूटी सुपुर्द कर दी है।
रविवार को मल्लीताल निवासी प्रियांशु ने कोतवाली में बीडी पांडे अस्पताल के पीछे से स्कूटी चोरी होने की सूचना दी। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक किशोर मल्लीताल खेल मैदान की ओर स्कूटी लेकर जाते दिखा। पहचान के बाद उसे पकड़कर पूछताछ की गई तो मामले में 14 वर्षीय दो किशोरों के इस करतूत में शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्हें सड़क पर एक चाबी गिरी हुई मिली थी। उन्हें स्कूटी चलाने का शौक था। उन्होंने बीडी पांडे अस्पताल के पीछे सड़क पर पार्क कुछ स्कूटी को खोलने का प्रयास किया। एक स्कूटी पर चाबी लग गई तो उन्होंने एक परिचित की मदद से खुद का वाहन बताकर स्कूटी मैदान तक मंगा ली। दो दिन तक स्कूटी चलाने के बाद वाहन को मैदान के किनारे ही पार्क कर दिया। कोतवाल हेमचंद्र पंत ने बताया कि स्कूटी स्वामी ने नुकसान की भरपाई करने की बात पर बच्चों को माफ कर दिया। दोनों किशोरों की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। संवाद