हल्द्वानी। सड़क हादसे में स्कूटी सवार किशोर की मौत हो गई। स्थानीय लोग किसी वाहन से टक्कर मारे जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस स्कूटी के रपटने से हादसा होने की बात कह रही है।
चांदनी चौक घुड़दौड़ा निवासी दीवान सिंह मेर यहां किराए के मकान में परिवार सहित रहकर मजदूरी करते हैं। सोमवार सुबह उनका 17 वर्षीय बेटा गणेश सिंह मेर अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर गन्ना सेंटर की तरफ आ रहा था। गन्ना सेंटर के पास हादसा हो गया। प्रधान के पति जगमोहन सिंह कुल्याल के अनुसार क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि गणेश स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर दुकान में जाने के लिए सड़क पार कर रहा था इसी दौरान वह एक कार की चपेट में आ गया। इधर, मौका मुआयना करने के बाद टीपी नगर चौकी पुलिस स्कूटी क्षतिग्रस्त न होने के कारण स्कूटी रपटने को हादसे का कारण मान रही है। पुलिस के हेलमेट भी स्कूूटी पर टंगा था। परिजनों की आरे से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।