नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ एग्रीकल्चर एंड एग्रोफॉरेस्ट्री और प्लांटिका फाउंडेशन की ओर से सातवें प्लांट साइंस रिसर्चर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने शिरकत की। दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिक, शोधार्थी और कृषि विज्ञान से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
कुलपति प्रो. चौहान ने कहा कि आज के समय में पौधों की वैज्ञानिक समझ और उनसे जुड़ी तकनीकों में सुधार कृषि के क्षेत्र में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुविवि के कुलपति प्रो. दीवान एस. रावत ने कहा कि पौध विज्ञान का शोध न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हमारे किसानों की उत्पादकता और उनकी जीवन गुणवत्ता को भी बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है। कृषि एवं एग्रोफॉरेस्ट्री संकाय के डीन प्रो. जीत राम ने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम में पौध विज्ञान से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।