डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने निजी स्कूलों में बच्चों के लिए फुल शर्ट और पैंट पहनकर जाने का आदेश दिया है। यह आदेश शुक्रवार से प्रभावी होगा। साथ ही निजी स्कूलों में बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए फागिंग करानी होगी।
हल्द्वानी और आसपास में डेंगू का प्रकोप बढ़ने लगा है। डेंगू मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक रावत ने निजी स्कूलों में बच्चों के फुल शर्ट और फुट पैंट में स्कूल जाने के आदेश जारी किए हैं।
डेंगू को लेकर गाइड लाइन पूर्व में ही दो बार जिलाधिकारी के स्तर से जारी की जा चुकी है। रावत ने बताया कि निजी स्कूलों को मच्छरों का प्रकोप कम करने के लिए अपने खर्च पर फागिंग करानी होगी।
साथ ही इस बात का भी ध्यान रखना होगा कि पानी की टंकी खुली न रहें और कहीं पर जलभराव न हो। उन्होंने एसडीएम को निजी स्कूलों में औचक निरीक्षण करने के भी आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आदेशों का पालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई होगी।