हल्द्वानी। भारतीय स्टेट बैंक ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत बीरभट्टी स्थित पार्वती प्रेम जगाती माध्यमिक विद्यालय को बस भेंट की है। दिल्ली मंडल के मुख्य महाप्रबंधक देबाशीष मिश्र ने विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश को बस की चाबी सौंपी।
इस मौके पर महाप्रबंधक ने कहा कि बस विद्यालय के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार साबित होगी। हल्द्वानी मॉड्यूल के उपमहाप्रबंधक कृष्णा कांत बिश्नोई ने कहा कि बैंक की कोशिश है कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के प्रत्येक हिस्से तक मदद पहुंचे। यह कदम न केवल बच्चों की सुविधा के लिए, बल्कि उनके समग्र विकास के लिए भी है। सभी ने एसबीआई की पहल की सराहना की और आशा जताई कि इससे बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। इस अवसर पर नैनीताल के क्षेत्रीय प्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। संवाद