नैनीताल। खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से एनटीजी और डीएसए के संयुक्त आयोजन में स्व. सैय्यद मोहम्मद हसनयन स्मृति अंडर-14 ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए।
बुधवार को खेले गए पहले मुकाबले में सनवाल वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में विपक्षी टीम के सामने 77 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी नैनीताल इंडियन की टीम दबाव नहीं झेल सकी और मात्र 29 रनों पर सिमट गई। दूसरे मुकाबले में नैनी वॉरियर्स ने पहले खेलते हुए 74 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैनिक चैंपियन की टीम ने नौवें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। तीसरे मैच में जीआईसी बगड़ के बल्लेबाजों ने निर्धारित ओवरों में 82 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में किंग इलेवन 62 रन ही बना सकी। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, विलाल अली, रवि जोशी, पवन सिंह, दीप कुंवर, करन सती आदि मौजूद रहे।