नैनीताल। नगर पालिका प्रशासन अब बायोमेट्रिक उपस्थिति पर सख्त हो गया है। कुमाऊं आयुक्त के निर्देशों के बाद पालिका ने साफ कर दिया है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले पर्यावरण मित्रों और कर्मियों का वेतन रोक दिया जाएगा। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी की ओर से विभागीय आदेश जारी कर सभी कर्मचारियों को शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पालिका सूत्रों के अनुसार कई कर्मचारी बिना बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराए ही काम कर रहे थे। स्थायी कर्मचारियों की ओर से अपने स्थान पर निजी कर्मियों से काम कराने के आरोप भी समय-समय पर सामने आते रहे हैं। मामले की शिकायत कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत तक पहुंचने के बाद उन्होंने पालिका प्रशासन को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि सभी कर्मचारियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी बायोमेट्रिक उपस्थिति नहीं लगाएंगे उनका वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।