जून स्टेट क्षेत्र में निमार्णाधीन मकान में रविवार को एक व्यक्ति का सड़ागला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के पेट का हिस्सा और एक पैर गायब था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि शव को जंगली जानवरों द्वारा भी खाया गया होगा।
थानाध्यक्ष एसएस गंगवार ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को भीमताल-भरतपुर रोड पर निर्माणाधीन मकान के भूतल में सड़ागला शव पड़ा होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि शव बुरी तरह से सड़गल चुका था और उसके पेट का हिस्सा और एक पैर गायब था। इसके चलते शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि उक्त भवन के निर्माण का काम कई महीनों से बंद है। लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले तक क्षेत्र में मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति घूमता था जो काफी समय से नजर नहीं आ रहा है। पुलिस का मानना है कि शव उसी मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति का हो सकता है। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। मृतक के शरीर में चैकदार कमीज के अलावा टी शर्ट, जैकेट और पैंट मौजूद थी। पुलिस भवन स्वामी के साथ ही शव के बारे में जानकारी जुटा रही है।