हल्द्वानी। रोडवेज की वॉल्वो बसें मंगलवार को पैक रहीं। दिल्ली से लौटने वाली बसों में पहले ही ऑनलाइन बुकिंग से सीटें भर गई थीं। हालांकि यहां से जाने वाली बसों में सवारियां कम रहीं।
हल्द्वानी डिपो की दिल्ली मार्ग पर पांच अनुबंधित वाॅल्वो बसें चलती हैं। मंगलवार शाम से देर रात तक आनंद विहार से वापसी करने वाली बसें पैक रहीं। रोडवेज प्रबंधन के अनुसार रक्षाबंधन से एक दिन पहले 27 अगस्त को भी दिल्ली से वापसी करने वाली ऑनलाइन बसों में अभी से बुकिंग फुल हो गई है।
काठगोदाम डिपो की वॉल्वो बसें न चलने से यात्रियों को दूसरी राज्यों की बसों का रुख करना पड़ा।
दिल्ली और हरिद्वार रूट पर यात्रियों को राहत
सावन के आखिरी सोमवार को कांवड़ मेले की भीड़भाड़ कम होने के बाद दिल्ली और हरिद्वार रूट की बसों का संचालन फिर से पुराने मार्गाें से होने लगा है। इससे रूट डायवर्जन से परेशान यात्रियों को राहत मिली है। पिछले 20 दिनों से दिल्ली मार्ग पर रामपुर शाहबाद, बुलंदशहर होते हुए और दून मार्ग पर बिजनौर से मुजफ्फरनगर होते हुए बस का संचालन किया जा रहा था। इससे यात्रा की दूरी 40 किमी बढ़ने के साथ ही किराया भी 50 से 80 रुपये अतिरिक्त देना पड़ रहा था।
-
इस सप्ताह रविवार तक निगम प्रबंधन के निर्देश पर कार्यशाला में फोरमैन और वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी को अधिक से अधिक बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार पर भीड़ के हिसाब से बसों का संचालन किया जाएगा। - संजय पांडे, एआरएम हल्द्वानी डिपो