फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

50 प्रतिशत कटऑफ पर एमबी कॉलेज में उमड़ी भीड़

Fri, 11 Aug 2017 02:13 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो हल्द्वानी। 
विज्ञापन
एमबी कॉलेज में उमड़ी भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में तीसरे दिन बृहस्पतिवार को बीए, बीकॉम, बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की कटऑफ मेरिट 50 प्रतिशत पर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। काउंसलिंग के लिए तीन दिनों के भीतर बृहस्पतिवार को सबसे अधिक विद्यार्थी काउंसलिंग में पहुंचे। बृहस्पतिवार को 984 छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग हुई। इसमें 2058 विद्यार्थियों के आवेदन फार्म जमा हो चुके हैं।
विज्ञापन


एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने बृहस्पतिवार को स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए कटऑफ मेरिट 60 प्रतिशत से घटाकर 50 फीसदी निर्धारित कर दी थी। इस पर सुबह 10 बजे से काउंटरों पर काउंसलिंग के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ लग गई। लालकुआं, हल्दूचौड़, कालाढूंगी, गोलापार,भीमताल समेत विभिन्न दूरदराज इलाकों से छात्र-छात्राएं आए थे।

काउंसलिंग की प्रक्रिया सुबह दस बजे से लेकर अपराह्न तीन बजे तक चली। प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि इंटरमीडिएट में 50 प्रतिशत से अधिक अंकों वाले छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग की गई। प्रवेश समितियों ने बीए प्रथम सेमेस्टर में 366, बीकॉम में 213, बीएससी (पीसीएम ग्रुप) में 200, बीएससी (जेडबीसी) में 205 विद्यार्थियों के शैक्षिक दस्तावेजों की जांच कर उनके आवेदन फार्म जमा किए। 
विज्ञापन


बीएससी में भी 50 प्रतिशत पर कटऑफ
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को बीएससी में कटऑफ 55 प्रतिशत तय की गई थी लेकिन काउंसलिंग शुरू होने पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने पर इसकी कटऑफ 55 प्रतिशत के स्थान पर 50 प्रतिशत कर दी गई। सहायक चीफ प्रॉक्टर डॉ. विनय विद्यालंकार ने विज्ञान वर्ग में कटऑफ मेरिट दस फीसदी कम करने का निर्णय विद्यार्थियों की भीड़ को देखते हुए लिया गया। परिणाम स्वरूप विज्ञान वर्ग में काउंसलिंग कराने 405 विद्यार्थी पहुंचे।   

मेरिट लिस्ट कल, फीस 16 को जमा होगी
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि 11, 12 अगस्त को भी स्नातक प्रथम सेमेस्टर की काउंसलिंग की प्रक्र्रिया जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को ही शाम को बीए, बीएससी, बीकॉम की मेरिट लिस्ट चस्पा कर दी जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि 16 अगस्त से छात्र-छात्राएं फीस जमा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि बीए, बीकॉम, बीएससी प्रथम सेमेस्टर की घोषित मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थी काउंसलिंग काउंटर से चालान लेकर बैंक के काउंटरों पर फीस जमा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पांच स्वैप मशीनें भी लगाई गई हैं।
-
पीजी कक्षाओं की आज से काउंसलिंग
हल्द्वानी। स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश को आवेदन करने की अंतिम तिथि बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई। एमबीपीजी कालेज के चीफ प्रॉक्टर डॉ. एएस उनियाल ने बताया कि शुक्रवार से एमए, एमएससी के विभिन्न विषयों के अलावा एमकॉम में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की काउंसलिंग शुरू होगी। 

तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश के लिए परेशान हो रहे विद्यार्थी
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश कब से शुरू होंगे, इसको लेकर छात्र-छात्राएं खासे परेशान हैं। बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं दे चुके कई विद्यार्थी बृहस्पतिवार को कॉलेज पहुंचे। तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश की जानकारी लेते देखे गए। विद्यार्थियों का कहना था कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का रिजल्ट नहीं आया है। कई विद्यार्थी प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद के पास भी इस बारे में जानकारी करने पहुंचे। प्राचार्य ने बताया कि द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाओं का रिजल्ट आने के बाद ही तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश होंगे। 

महिला कॉलेज में 282 छात्राओं के प्रवेश
हल्द्वानी। राजकीय महिला कॉलेज में बृहस्पतिवार को तीसरे दिन स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की गई। इसके बाद 282 छात्राओं को प्रवेश की हरी झंडी दे दी गई। प्राचार्य डॉ. पीके पाठक ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के आधार पर छात्राओं की काउंसलिंग की जा रही है। पहले चरण में कटऑफ मेरिट 60 प्रतिशत रखी गई, जिसे घटाकर अब 50 प्रतिशत कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सीटों की पर्याप्त संख्या को देखते हुए छात्राओं को हाथोंहाथ प्रवेश देने का निर्णय लिया गया है। कला संकाय के प्रवेश समिति प्रभारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार तक काउंसलिंग के आधार पर बीएससी जेडबीसी में 85, बीएससी मैथ्स में 52, बीए में 69, बीकॉम में 36, बीकॉम आनर्स में 40 छात्राओं के प्रवेश हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश के साथ ही छात्राओं की फीस भी जमा की जा रही है। 

डीएसबी परिसर में पहले दिन 103 प्रवेश
नैनीताल। डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. प्रो. एसपीएस मेहता के मुताबिक पहले दिन बीए वन में 68, बीकॉम वन में 09, बीएससी वन (बायो) में 16, गणित वर्ग में 26 छात्रों को प्रवेश दे दिया गया है। इससे पहले छात्र नेताओं ने प्रवेश में स्थानीय छात्रों को वरीयता देने की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक प्रवेश प्रक्रिया को ठप करा दिया था। हालांकि निदेशक से वार्ता करने बाद वे मान गए। निदेशक ने लिखित पत्र दिया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों को योग्यताक्रम में आने पर अधिकतम 10 फीसदी स्थान अनुमन्य होंगे। शेष 90 फीसदी स्थानों पर उत्तराखंड राज्य के मूल निवासियों को प्रवेश दिए जाएंगे। वहां पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नितिन कार्की, दिग्विजय सिंह बिष्ट, पंकज भट्ट, विकास जोशी, करन दनाई, रवि कन्याल, जितेंद्र बंगारी, हरीश राणा, अभिषेक मेहरा, नवीन भट्ट आदि थे। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें