मतगणना के दौरान हल्द्वानी विधानसभा सीट के परिणाम काफी रुक-रुक कर आ रहे थे। एक बार तो 12 राउंड की गणना के बाद हल्द्वानी सीट का परिणाम आना ही बंद हो गया। इस दौरान लगभग सभी सीटों के चुनाव परिणाम आ चुके थे, लेकिन हल्द्वानी विधानसभा सीट के परिणाम नहीं आने पर लोग अलग-अलग कयास लगने लगे। इसी दौरान निर्वाचन कार्यालय में अफवाह उड़ी कि डॉ. इंदिरा हृदयेश 26 मतों से चुनाव हार गईं हैं और उन्होेंने रिकाउंटिंग की मांग कर डाली है।
यह अफवाह इतनी तेजी से उड़ी कि मतगणना स्थल के बाहर भाजपाइयों का हुजूम उमड़ पड़ा। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के जुटने पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस फोर्स एमबीपीजी कॉलेज गेट का पास मुस्तैद हो गया। कुछ देर बाद निर्वाचन कार्यालय से जानकारी दी गई कि पहले पोस्टल बैलेट की गणना की जा रही है। जिस वजह से मत परिणाम आने में विलंब हो रहा है। 13 वें और 14 वें राउंड की काउंटिंग शुरू हो चुकी है। बाद में जब 13 वें राउंड के मत परिणाम सामने आए तब डॉ. इंदिरा हृदयेश की जीत को लेकर लोग आश्वस्त हुए। दरअसल हल्द्वानी विधानसभा के परिणाम हर राउंड में चौंकाने वाले रहे। जहां पहले राउंड से चौथे तक राउंड तक भाजपा के डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला डॉ. इंदिरा हृदयेश से आगे चल रहे थे। वहीं पांचवें राउंड में डॉ. इंदिरा हृदयेश को भाजपा प्रत्याशी से अधिक मत मिले। नवें राउंड से ग्यारहवें राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी पर बड़ी बढ़त बना ली। इसके साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी की जीत निश्चित हो गई।