अल्मोड़ा। राजस्व और पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में लोनिवि ने बड़कोट (उत्तरकाशी) स्थानांतरित कनिष्ठ सहायक से लोअर मालरोड स्थित सरकारी आवास खाली करा दिया है।
अमित परिहार यहां लोनिवि प्रांतीय खंड कार्यालय में मृतक आश्रित कोटे से कनिष्ठ सहायक पद पर तैनात थे। विभाग ने उन्हें लिंक मार्ग स्थित प्रेरणा सदन के पास लोनिवि आवासीय कॉलोनी में सरकारी आवास आवंटित किया था।
यहां वह अपनी मां के साथ रहते थे। अमित की कार्यप्रणाली और व्यवहार से परेशान होकर विभाग ने उनका जनवरी में प्रशासनिक आधार पर बड़कोट (उत्तरकाशी) तबादला कर दिया था लेकिन पांच महीने बाद भी वह तैनाती स्थल बड़कोट नहीं गए। वह अल्मोड़ा में ही रह रहे थे और लोनिवि कार्यालय भी जाते थे।
लोनिवि प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता कमल गोयल ने बताया कि अमित परिहार का कॉलोनी में रहने वाले पड़ोसियों से भी व्यवहार ठीक नहीं था। पड़ोसियों ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की थी।
एई गोयल ने बताया कि आवास खाली करने को लेकर अमित को तीन बार नोटिस दिए गए, लेकिन उन्होंने आवास खाली नहीं किया। इस संबंध में जिलाधिकारी और प्रशासन के अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया था।
इसके बाद शुक्रवार को विभाग ने नायब तहसीलदार मनीषा मारकाना और पुलिस कर्मी की मौजूदगी में अमित से सरकारी आवास खाली करा दिया। एई गोयल ने बताया कि आवास खाली करवाकर विभाग का ताला लगा दिया गया है।