एडवेंचर (ऑफ रोडिंग और माउंटेन साइकिलिंग) के जांबाज दो अक्तूबर (रविवार) को हल्द्वानी की सड़कों पर होंगे। अमर उजाला और कुमाऊं ऑफ रोडिंग क्लब की पहल पर उत्तराखंड में पहली बार हल्द्वानी में स्पोर्ट्स रैली आयोजित हो रही है।
एडवेंचर स्पोर्ट्स रैली में जंगल, नदी और उबड़-खाबड़ में अपना रास्ता बनाने वाले ऑफ रोडिंग वाहनों के काफिले की शुरूआत हल्द्वानी की सड़कों से होगी। माउंटेन साइकिलों पर सवार लोग एडवेंजर टूरिज्म को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।
ऑफ रोडिंग क्लब के सदस्य हर शनिवार को हल्द्वानी से आउटर क्षेत्र में ऑफ रोडिंग करते हैं। क्लब में 60 से अधिक सक्रिय सदस्य हैं। सोशल मीडिया में हजारों फॉलोअर जुड़े हैं। क्लब सदस्य फोर बाई फोर गाड़ियों से नदी, नाले, गड्ढे, उबड़-खाबड़ में रास्ता बनाकर साहसिक स्टंट करते हैं।
ऑफ रोडर की गाड़ियों का काफिला रविवार को पहली बार एक साथ हल्द्वानी की सड़कों से निकलेगा। एडवेंचर स्पोर्ट्स रैली अमर उजाला कार्यालय से सुबह 10:30 बजे निकलेगी। रैली बरेली रोड होते हुए काठगोदाम, रानीबाग, एचएमटी कारखाने तक पहुंचेगी।
रानीबाग पहुंचने से पहले क्लब के जांबाज गौला पुल के नीचे नदी में करतब दिखाएंगे। दोपहर एक बजे अमर उजाला कार्यालय में रैली का समापन होगा।