हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने सोमवार शाम जेल में बंद साथी से मिले आए बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) को हल्द्वानी उप कारागार के बाहर तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। युवक रुद्रपुर में लूट के मामले में आरोपी है।
सीओ सिटी अमित सैनी ने बताया कि सोमवार देर शाम चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को हल्द्वानी जेल के बाहर संदिग्ध कार खड़े होने की सूचना मिली थी। टीम जब मौके पर पहुंची तब वहां बाजपुर स्थित गजरौला के रहने वाले जितेंद्र को पड़ककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर गाड़ी में युवक के पास से एक तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका एक साथी हल्द्वानी जेल में बंद है। वह उसी से मिलने वहां आया था। सीओ अमित सैनी ने बताया कि जब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी निकाली गई तब पता चला कि वह ऊधम सिंह नगर जिले में हुई लूट के एक मामले का आरोपी है। उसके खिलाफ रुद्रपुर में प्राथमिकी भी दर्ज है।
दो युवक भागे, हत्या के थे आरोपी
आरोपी जितेंद्र अपने दो अन्य साथियों के साथ हल्द्वानी जेल पहुंचा था। पुलिस को देखते ही तीनों ने भागने का प्रयास किया। बाकी दो युवक भागने में कामयाब हो गए लेकिन जितेंद्र पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार जो दोनों आरोपी भागे हैं वह हत्या मामले के आरोपी हैं। उनके खिलाफ भी ऊधमसिंह नगर में प्राथमिकी दर्ज है। गनीमत रही कि आरोपियों ने शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दिया।