हल्द्वानी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद कुमाऊं क्षेत्र की प्रबंध समिति की बैठक में रोडवेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली में सवाल खड़े किए गए। प्रबंध समिति के सदस्यों ने कहा कि प्रबंधन निगम की पूरी बसें नहीं चला रहा है। उधर, अनुबंधित बसों को चलाकर अनुबंधित बस मालिकों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
काठगोदाम में हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र अधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों को दो माह का वेतन और बोनस नहीं दिया गया, जबकि दीपावली का त्योहार आने वाला है। प्रांतीय अध्यक्ष विक्रम डंगवाल ने कहा कि निगम के कुप्रबंधन के कारण निगम की बसें डिपो में ही खड़ी हैं। क्षेत्रीय मंत्री डूंगर सिंह ने स्पेयर पार्ट्स आदि उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंध समिति का चुनाव 27 नवंबर को कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में रामनगर, रानीखेत, भवाली, अल्मोड़ा, काठगोदाम, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर से आए प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान जगमोहन, जगदीश, उमेश जोशी, पीसी बिष्ट, चरनजीत, गोविंद, पुष्कर बिष्ट, श्याम सिंह, टीका सिंह आदि मौजूद रहे।