रामनगर। रोडवेज बस अड्डे के बाहर टैक्सी चालकों ने डग्गामारी का विरोध करने पर रोडवेज बस के परिचालक को पीट दिया। साथ ही परिचालक की वर्दी भी फाड़ दी। इस मामले में परिचालक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर डिपो के परिचालक मुकेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को बस संख्या यूके 07पीए4372 लेकर रामनगर आया था। बताया कि दोपहर को बस रामनगर से दिल्ली रूट के लिए रवाना हो रही थी। आरोप लगाया कि इसी बीच रोडवेज बस अड्डे में आ रहे यात्रियों को कई प्राइवेट टैक्सी चालक खींचकर अपने साथ ले जाने लगे। इसका परिचालक ने विरोध किया। इससे गुस्साए टैक्सी चालकों ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी। एसएसआई युनूस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
कोट
डग्गामारी के विरोध में एआरटीओ को वाहनों की मय नंबरों के कई बार शिकायत की गई है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को एआरटीओ को एक बार फिर डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा। - नवीन आर्या, एआरएम, रामनगर डिपो