हल्द्वानी। 15 जून को कैंची धाम में लगने वाले मेले के लिए परिवहन विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने के लिए रोडवेज व केमू बसों को दौड़ाया जाएगा।
तय किया गया कि हल्द्वानी से भवाली तक रोडवेज और वहां से कैंची धाम तक केमू बसों को शटल सेवा के तौर पर चलाया जाएगा। भवाली में होने वाले प्रसिद्ध कैंची मेले के मद्देनजर रविवार को आरटीओ सुनील शर्मा ने परिवहन निगम व केमू बस संचालकों की बैठक ली। बताया गया कि कैंची मेल के लिए 14 जून से ही बसों का संचालन किया जाएगा। इसमें रोडवेज की 10 बसें हल्द्वानी से भवाली तक चलेंगी। वहां से केमू की इतनी ही बसें श्रद्धालुओं को कैंची धाम पहुंचाने के लिए लगाई जाएंगी। भीमताल से कैंची तक शटल सेवा चलेगी। मेले के दौरान रोडवेज बसों का संचालन ज्योलीकोट मार्ग और केमू बसों का संचालन भीमताल मार्ग से किया जाना है।
रोडवेज की पर्वतीय रूट पर चलने वाली छोटी बसें मेले में उपलब्ध करानी हैं। मेले के दौरान दो दिन पर्वतीय रूट की कुछ सेवाओं पर असर पड़ेगा। भवाली तक चलने वाली बसों के दिन में दो से तीन चक्कर लगाए जाएंगे।
संजय पांडे, एआरएम हल्द्वानी डिपो
परिवहन विभाग ने मेले के लिए 200 बसों की डिमांड की है। मेले के दिन पर्वतीय रूट की बसें वाया रामगढ़ होते हुए अल्मोड़ा, रानीखेत जा सकेंगी। ऐसे में जरूरी न हो तो लोग उस दिन पहाड़ की यात्रा टाल दें।
हिम्मत सिंह नयाल, अधिशासी निदेशक कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन