भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में गुरुवार की देर रात शराब का ट्रक लेकर जा रहे ट्रक चालक के साथ हुई कथित लूटपाट के मामले के आरोपी शनिवार को खुद ही खैरना चौकी आ पहुंचे।
दोनों युवकों ने पुलिस के सामने मारपीट की बात तो कबूल की लेकिन लूटपाट जैसी किसी भी घटना से साफ इंकार कर दिया। दोनों युवकों के खुद सामने आ जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार की देर रात रुद्रपुर से शराब लेकर पिथौरागढ़ की ओर जा रहे ट्रक संख्या यूपी 01-सीए-0448 के चालक अमित सिंह पुत्र रूप सिंह निवासी ऊधमसिंह नगर को कुछ लोगों ने पीटकर घायल कर दिया था।
सुबह होने पर ट्रक चालक ने ट्रक स्वामी को मामले की जानकारी देते हुए मारपीट करने के साथ साथ दस हजार रुपये की नकदी और स्मार्ट फोन लूटने की जानकारी दी। ट्रक स्वामी गोविंद सिंह सतवाल ने मामले की जानकारी खैरना पुलिस को दी थी।
शनिवार को रोड होल्डअप के इस मामले के अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद आज विनोद रावत पुत्र राम सिंह रावत निवासी बागेश्वर और लोकेश सिंह जलाल पुत्र बालम सिंह जलाल निवासी लोहाली खैरना स्थित चौकी पहुंचे।
दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात गरमपानी बाजार में वाहन से पास लेते वक्त उनका ट्रक चालक से विवाद और मारपीट हुई थी लेकिन न तो उन्होंने दस हजार की नकदी लूटी और न ही स्मार्ट फोन। पुलिस ने दोनों युवकों से उक्त जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।