हल्द्वानी। 20वीं राज्य स्तरीय एडवोकेट क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को ऋषिकेश 11, हल्द्वानी टैक्स बार, दून लॉयर, उत्तराखंड लॉयर, विकासनगर बी और देवभूमि 11 ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बना ली।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में रविवार को जीएनजी मैदान में ऋषिकेश 11 और हरिद्वार बी के बीच मुकाबला खेला गया। ऋषिकेश 11 ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 217 रन बनाए। जवाब में हरिद्वार बी 102 रन पर ही सिमट गई। वेंडी मैदान गौलापार में में हल्द्वानी टैक्स बार और लीगल विंग्स उत्तराखंड के बीच मुकाबला हुआ। हल्द्वानी टैक्स बार ने संजीव अरोरा की 39 रन की पारी के दम पर 150 रन बनाए। जवाब में लीगल विंग्स उत्तराखंड 129 रन बना सकी। संजीव अरोरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं एमएस ग्राउंड में दून लॉयर और द्रोणा एकादश के बीच मुकाबला खेला गया। दून लॉयर ने 18 ओवर में सभी विकेट खोकर 126 रन बनाए। द्रोणा एकादश 109 रन ही बना सकी। चौथा मैच उत्तराखंड लॉयर और विकासनगर ए के बीच खेला गया। उत्तराखंड लॉयर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए। जवाब में विकासनगर ए 18.5 ओवर में 112 रन पर सिमट गई। पांचवें मैच में देवभूमि 11 का मुकाबला रुड़की डी के बीच हुआ। देवभूमि 11 ने पहले खेलते हुए 145 रन बनाए जबकि रुड़की डी की टीम 143 रन ही बना सकी। छठे मैच में विकासनगर बी ने रानीखेत को 71 रन से हराया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट रिचा सिंह, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, राजीव ओली, आदित्य कुमार, मुकेश कफरवान, रजनीश, पीयूष, कौशल पांडे, सिद्धार्थ बनकोटी आदि मौजूद रहे।