हल्द्वानी। देशभर में कोरोना के नए वैरिएंट का अलर्ट होने के बीच नैनीताल जिले के सरकारी अस्पतालों में कोरोना किट उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में कोरोना संदिग्ध मिलने पर जांच में पुष्टि के लिए व्यक्ति को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) हल्द्वानी की दौड़ लगानी पड़ सकती है। सीएमओ कार्यालय से कोरोना किट डिमांड भेजे जाने का दावा किया जा रहा है।
देश में कोरोना के नए वैरिएंट के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ते जा रही है। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निदेर्श दिए हैं। मगर आदेश की गंभीरता धरातल पर नजर नहीं आ रही है। नैनीताल जिले में मौजूदा समय में न तो किसी अस्पताल में कोरोना वार्ड तैयार है और न ही सैंपलिंग की व्यवस्था बेस या अन्य अस्पतालों में की जा सकी है। हाल ये है कि जिले के सरकारी अस्पतालों में कोरोना टेस्टिंग की किट तक उपलब्ध नहीं है। नैनीताल जिले में करीब 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं जो दूरस्थ स्थानों में हैं। सभी पीएचसी में कोरोना जांच की सुविधा नहीं है। नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर के सरकारी अस्पतालों में कोरोना जांच की किट नहीं है। जिले में उपलब्ध कोरोना टेस्टिंग किट की मियाद 30 नवंबर को खत्म हो गई है। अब कोरोना अलर्ट की एडवायजरी जारी होने और स्वास्थ्य सचिव के पीएचसी, सीएचसी केंद्रों में कोरोना जांच की सुविधा की जानकारी मांगने के बाद विभाग को नई कोरोना टेस्टिंग किट मंगाने की याद आई है।
अस्पतालों में उपलब्ध कोरोना किट 30 नवंबर को एक्सपायर हो गई थी। इसके बाद 10 हजार किट की डिमांड भेजी गई है। कोरोना को लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट है किट पहुंचते ही सभी अस्पतालों में भेज दी जाएंगी।
डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ नैनीताल
एसटीएच में है तीन महीने के लिए टेस्टिंग किट
मेडिकल कॉलेज के अधीन सुशीला तिवारी अस्पताल में कोरोना को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। अस्पताल में पांच हजार अतिरिक्त कोरोना टेस्टिंग किट मंगा ली गई है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ अरुण जोशी ने बताया कि अस्पताल में तीन महीने का बैकअप है। एडवाइजरी जारी होने के बाद पांच हजार किटों की डिमांड और भेज दी है।
स्वाइन फ्लू के मामले से सतर्कता बढ़ाई
देहरादून में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद एसटीएच में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि संदिग्ध मरीजों के साथ ही अस्पताल में भर्ती हो रहे मरीजों की इंनफ्लुएंजा जांच करवाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल कोरोना या स्वाइन फ्लू के संक्रमण किसी मरीज में नहीं मिले हैं।