फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: भक्ति के सरोवर में लोकसंस्कृति की हिलोरें

Thu, 17 Sep 2026 01:26 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
नैनीताल। सरोवरनगरी में बुधवार को 124वें ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव का अलौकिक आगाज हो गया। राम सेवक सभा भवन में ‘निश दिन नमूं गणपति चरण’ की गूंज और छोलिया-झोड़ा नृत्यों की थाप के साथ शुरू हुए महोत्सव में आस्था और लोकसंस्कृति का एक अनूठा संगम देखने को मिला। इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने महोत्सव को राष्ट्रीय मेले की मान्यता दिलाने के लिए देहरादून और दिल्ली स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आयोजक राम सेवक सभा को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की, जबकि विधायक सरिता आर्या ने बेहतर आयोजन के लिए ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की।
विज्ञापन

मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आयोजकों की वर्षों की मेहनत से नंदा देवी महोत्सव ने प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों में भी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि महोत्सव को राष्ट्रीय मेले की मान्यता दिलाने के प्रयास पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के समय से किए जा रहे हैं। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भी इस दिशा में सकारात्मक पहल की है। सभा पदाधिकारियों के अनुसार, इससे संबंधित आदेश अभी लंबित हैं। भट्ट ने कहा कि वह देहरादून और दिल्ली स्तर पर इस मामले को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में कार्यदायी संस्था को लेकर उठे सवालों के मामले में जरूरत पड़ने पर कार्यदायी संस्था बदली जाएगी। मेला अधिकारी नवाजिश खलीक ने आयोजन के दौरान साफ-सफाई और आभूषणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
21 पौधों की पूजा के बाद कदली दल रवाना
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित भगवती प्रसाद जोशी ने आयोजन का शुभारंभ कराया। मंच पर सांसद अजय भट्ट और यजमान यशपाल रावत की मौजूदगी में 21 पौधों की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद परंपरा के अनुसार लाल और सफेद ध्वज के साथ कदली दल को मंगोली गांव के लिए रवाना किया गया। श्रद्धालु बैंड-बाजे और छोलिया दल के साथ मंगोली के लिए रवाना हुए। समारोह में दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, दिनेश आर्य, महासचिव जगदीश बावरी, हेमंत बिष्ट, मीनाक्षी कीर्ति, नवीन पांडे, प्रो. ललित तिवारी, गोपाल रावत, मनोज जोशी, हेम आर्य, राम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, घनश्याम लाल साह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

खेल मैदान में व्यावसायिक मेले की भी शुरुआत
मल्लीताल खेल मैदान में बुधवार को व्यावसायिक मेले का भी शुभारंभ किया गया। सांसद अजय भट्ट और विधायक सरिता आर्या की मौजूदगी में मुख्य द्वार पर तिलक-चंदन की परंपरा निभाई गई और रिबन काटकर मेले का उद्घाटन हुआ। इसके साथ ही दुकानों पर खरीदारी शुरू हो गई।

पालिकाध्यक्ष की गैरमौजूदगी रही चर्चा में
महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल की गैरमौजूदगी चर्चा में रही। वह राम सेवक सभा के कार्यक्रम और व्यावसायिक मेले के उद्घाटन, दोनों में शामिल नहीं हुईं। पूछे जाने पर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वह निजी कार्य से बाहर गई थीं और उन्होंने सभा अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी थी। शाम को वह तल्लीताल में आयोजित गणेश महोत्सव कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

15 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण
महोत्सव के दौरान सांसद अजय भट्ट ने विधायक सरिता आर्या के साथ 15 लाख रुपये की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें सांसद निधि से पांच लाख रुपये से कॉलम और प्लिंथ निर्माण तथा विधायक की ओर से स्लैब कार्य के लिए दिए गए 10 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

भवाली में कदली वृक्ष लाकर शुरू हुआ आयोजन
भवाली। नगर में बुधवार को नंदा देवी महोत्सव की शुरुआत कदली वृक्ष लाने के साथ हुई। नंदा देवी महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष मनीष साह के नेतृत्व में श्रद्धालु देवी मंदिर से ढोल-नगाड़ों और छोलिया नृत्य के साथ डोब ल्वेशाल स्थित सुजान सिंह रजवार के आवास पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना और भंडारे का प्रसाद लेने के बाद श्रद्धालु मां नंदा-सुनंदा के जयकारों के साथ कदली वृक्ष को भवाली देवी मंदिर लेकर आए। कमेटी अध्यक्ष मनीष साह ने बताया कि महोत्सव के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, महिलाओं की कलश यात्रा और स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान पुजारी मोहन कपिल, कंचन बेलवाल, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, पालिकाध्यक्ष पंकज आर्य, सीमा टम्टा, देवेंद्र सिंह चनौतिया, भुवन तिवारी, बालम सिंह मेहरा और प्रशांत जोशी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें