नैनीताल। सेवानिवृत्त संयुक्त संघर्ष समिति कुमाऊं मंडल विकास निगम के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर से मुलाकात की। उन्होंने 24 मई तक समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 25 मई से अनिश्चितकालीन धरने का अल्टीमेटम भी दिया है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंध निदेशक के समक्ष सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान करने, न्यूनतम वेतनमान में कार्यरत रहे नियमित कर्मचारियों को छठे वेतनमान के एरियर का भुगतान करने और वर्ष 2023-24 के महंगाई भत्ते के एरियर के भुगतान की मांग उठाई। इसके साथ ही जिन कर्मचारियों का निकाला जा रहा है उनके देयकों का शीघ्र समायोजन, काठगोदाम स्थित शीशमहल फैक्टरी परिसर से अतिक्रमण हटाकर पार्किंग बनाने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को निगम के आवास गृहों में न्यूनतम दरों पर कमरा उपलब्ध कराने की मांग रखी। दिनेश गुरुरानी ने संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन का मुद्दा भी उठाया। प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस मौके पर बसंत जोशी, भुवन लाल शाह, कुंवर सिंह कार्की, नीरज जोशी, कंचन चंदोला आदि रहे।