पीरूमदारा, मालधन क्षेत्र में जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
गरमपानी (नैनीताल)। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कोश्या कुटौली तहसील प्रशासन ने भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में खैरना से काकड़ीघाट तक वाहनों की आवाजाही को अब आठ अगस्त तक पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। इस दौरान इस रूट से चलने वाले वाहन वाया रामगढ़, क्वारब से होकर चलेंगे।
कोश्या कुटौली के एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 87 में खैरना से काकड़ीघाट तक मार्ग चौड़ीकरण के चलते पहाड़ों के कच्चे होने के कारण सड़क में पत्थर, मलबा गिरने का खतरा है। ऐसे में कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। एनएच में 31 जुलाई को भौर्या बैंड के पास पहाड़ी के दरकने से हल्द्वानी निवासी बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो चुकी है।
इससे पहले भी इस रोड में कई लोग बोल्डर, मलबे की चपेट में आकर दम तोड़ चुके हैं। एसडीएम ने बताया कि उक्त हादसे के बाद पहली अगस्त से पांच अगस्त तक खैरना से काकड़ीघाट तक वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया था। उन्होंने बताया कि चूंकि मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक जिले के कुछ हिस्सों में भारी बरसात की चेतावनी दी है, जिसे देखते हुए खैरना से काकड़ीघाट तक वाहनों की आवाजाही को अब पांच अगस्त से लेकर आठ अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि आठ अगस्त तक खैरना से काकड़ीघाट तक किसी भी तरह से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और इस दौरान इस रोड से आने जाने वाले वाहन भवाली-रामगढ़, क्वारब होकर गुजरेंगे।
रामनगर (नैनीताल)। बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार वर्षा से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव हो गया। इससे एक महिला का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही पीरूमदारा पुलिस चौकी के पास बड़ा पेड़ उखड़कर एनएच 121 पर गिर गया। बाद में इसे काटकर सड़क से हटाया गया। इस कारण रामनगर-काशीपुर रूट पर आधे घंटे तक यातायात ठप रहा।
एसडीएम पारितोष वर्मा ने बताया कि मूसलाधार वर्षा से करनपुर क्षेत्र के ग्राम गोरखपुर निवासी मनप्रीत कौर का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसका निरीक्षण के बाद तहसीलदार प्रियंका रानी ने उसे 3800 रुपये का चेक दिया। वहीं पीरूमदारा, मालधन क्षेत्र में कई घरों में पानी घुस गया हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ। शुक्रवार को सभी राजस्व उपनिरीक्षक अपने कार्यक्षेत्रों में भ्रमण कर जानकारी ले रहे थे लेकिन कहीं भी नुकसान की सूचना नहीं मिली।