जिलाधिकारी दीपक रावत ने सोमवार देर शाम थर्टी फर्स्ट के मौके पर सैलानियों की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। तय किया गया कि भारी वाहनों को सरोवर नगरी में कतई प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और 31 दिसंबर को दोपहर दो बजे के बाद माल रोड में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि 30 दिसंबर से लेक ब्रिज चुंगी भवाली रोड के कैलाखान पुरानी चुंगी व हल्द्वानी रोड पर हनुमानगढ़ी रोड पर खोलने के निर्देश दिए। नववर्ष की पूर्व संध्या पर होटलों और संस्थानों द्वारा डीजे एवं म्यूजिकल ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से पहले सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेनी होगी और अनुमति में शामिल शर्तों का पालन न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन होटल व्यवसायियों के पास पार्किंग सुविधा नहीं है, वह होटलों में रुकने वाले पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित पार्किंग स्थलों में कराएंगे और इसकी जिसकी जिम्मेदारी संबधित होटल स्वामी की होगी। डीएम ने एआरटीओ व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह नैनीताल आने वाले प्रत्येक वाहन की जांच करेंगे तथा क्रेन की व्यवस्था भी सुनिश्चित रखेंगे।
उन्होंने नगरपालिका की ईओ को अलाव के साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वीटी अग्रवाल ने कहा कि 30 दिसंबर से ही नैनीताल में आने वाले छोटे बडे़ वाहनों की चेकिंग की जाएगी और मानकों के अधिक शराब लाने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट वंदना, उप जिलाधिकारी आशीष चौहान, केएमवीएन के जीएम टीएस मर्तोलिया, एआरटीओ गुरदेव सिंह, सीओ देवेंद्र देवली, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश साह, प्रवीण शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी समेत टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।