हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकेतों को समझें तो दायित्व पाने के लिए तैयार बैठे नेताओं को अभी कुछ और इंतजार करना होगा। सीएम की मानें तो अभी दायित्व बंटवारे का शुभ मुहूर्त नहीं आया है।
मंगलवार शाम सर्किट हाउस पहुंचे सीएम धामी से जब दायित्वों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने शुभ मुहूर्त की बात कहकर इसे टाल दिया। कहा कि शुभ कार्य सही समय पर होते हैं। ऐसे में एक साल से दायित्व की आस लगाए भाजपा नेताओं को स्प्ष्ट संदेश मिल गया है कि अभी लाल बत्ती के लिए उन्हें और इंतजार करना होगा।
राज्य सरकार के एक साल बीतने के बाद भी दायित्व नहीं बंट पाए हैं। पूर्ण बहुमत होने के बावजूद भाजपा दायित्वों का निर्धारण करने की तिथि लगातार आगे बढ़ाती जा रही है। कैबिनेट मंत्री का एक पद अभी खाली है। नवरात्र पर दायित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन अब इंतजार लंबा होता जा रहा है।
सीएम ने शुभ मुहूर्त का इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि वह शुभ मुहूर्त कब आएगा। वह मुहूर्त धार्मिक होगा या राजनीतिक तौर पर, यह भविष्य में ही स्पष्ट हो सकेगा। अब निकाय चुनाव भी करीब ही हैं और अगले साल लोकसभा चुनाव भी होने हैं। अब देखना है कि दायित्व बांटने का शुभ मुहूर्त चुनाव से पहले होगा या फिर बाद में।
हल्द्वानी में कार्यकर्ताओं से मिले धामी
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को रामनगर से सीधे गौलापार हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद कार से सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इसके बाद वह हीरानगर में श्याम अग्रवाल के आवास भी पहुंचे। इस दौरान विधायक नैनीताल सरिता आर्या, मेयर जोगेंद्र रौतेला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा कार्तिक हर्बोला, प्रकाश हर्बोला, डा. अनिल डब्बू आदि मौजूद रहे। इसके बाद वह हीरानगर में श्याम अग्रवाल के आवास भी पहुंचे। बुधवार को सीएम रामनगर जाएंगे। माई सिटी रिपोर्टर
दीवारों पर बने चित्रों को देखा, फोटो भी खिंचवाई
रामनगर। गर्जिया माता के दर्शन के लिए जाते समय मुख्यमंत्री ने डिग्री कॉलेज मार्ग की दीवारों पर बने कुमाऊंनी संस्कृति के चित्रों को देखा और फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद सीएम का लखनपुर चौराहे पर भव्य स्वागत हुआ। सीएम ने लोगों से मुलाकात की और अभिवादन स्वीकार किया। संवाद
गर्जिया मंदिर पहुंच सीएम ने की आरती
रामनगर। डिग्री कॉलेज स्थित हेलीपैड से सीएम सीधे गर्जिया मंदिर गए पहुंचे और माता के दर्शन कर आरती की। इसके बाद उन्होंने जीआईसी ढिकुली के नए भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यालय में किए गए कार्यों को बेहतर बताया। कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे ही विद्यालय तैयार करने होंगे। इस दौरान डीएम धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भट्ट, बीईओ गीतिका जोशी, एआरटीओ संदीप वर्मा रहे। संवाद
श्री गिरिजा देवी मंदिर समिति ने रखीं मांगें
रामनगर। श्री गिरिजा देवी मंदिर समिति ने सीएम का स्वागत किया और अपनी विभिन्न मांगों को उनके सामने रखा। रामनगर वन प्रभाग में एक हेक्टेयर वन भूमि देने, पार्किंग बनाने और गंगा स्नान मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग उठाई। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कुबेर सिंह अधिकारी, डॉ. निशांत पपनै, विनीत जोशी, भुवन डंगवाल, रमेश मिश्रा, दया किशन सुयाल आदि शामिल थे। संवाद