नैनीताल। नैनीताल के मल्ला कृष्णापुर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के आवासीय भवन की छत गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वृद्ध महिला बाल बाल बच गई। वहां रह रहे कुविवि कर्मचारियों ने शीघ्र भवन मरम्मत करने की मांग की है।
बता दें कि मकानों में कुविवि और डीएसबी परिसर के आठ कर्मचारियों के परिवार रहते हैं। पिछले वर्ष जून में तेज बारिश के दौरान मकान की छत और दीवार गिर गई थी। रविवार सुबह एक बुजुर्ग महिला के पास एक मकान की छत गिर गई। महिला ने छत के साथ गिरते पत्थरों को देख लिया, जिनकी चपेट में आने से वह बाल बाल बच गई।
वहीं विवि के कुलसचिव खेमराज भट्ट का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो सोमवार को भवन का निरीक्षण कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। इधर यहां रहने वाले कर्मचारियों ने कहा कि कुछ दिन पहले कुलपति प्रो. एनके जोशी ने इस क्षेत्र का निरीक्षण किया था और उन्होंने जल्द भवनों की मरम्मत करने का आश्वासन दिया है लेकिन मरम्मत नहीं हो पाई। संवाद