माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मंडल के तहत सहायक अध्यापक एलटी के 152 शिक्षकों के स्थायीकरण के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश मंडलीय दफ्तर की ओर से सभी जिला कार्यालयों को भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा शिक्षकों के लंबित प्रकरणों पर भी शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए गए हैं।
एडी कुमाऊं (माध्यमिक शिक्षा) डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि सहायक अध्यापक एलटी शिक्षकों का स्थायीकरण लंबित था, जिसका निस्तारण कर दिया गया है। सामान्य वर्ग के तहत 125, महिला संवर्ग मे 27 शिक्षकों के नाम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवक्ता संवर्ग के तहत प्रोन्नत वेतनमान के प्रकरणों पर कार्रवाई चल रही है। शिक्षकों को मंडलीय दफ्तरों के चक्कर न काटने पडे़ं इसके लिए सीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि शिक्षक-शिक्षिकाओं के कार्यों को बेवजह न लटकाया जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की ब्लॉक स्तरीय की समस्या के निराकरण को बीईओ और जिला स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए सीईओ व डीईओ जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह प्रत्येक जिला और खंड कार्यालयों का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे।